मणिपुर के सीएम बीरेन सिंह आज पीएम मोदी से मिलेंगे

feature-top

मणिपुर की सत्ता में वापसी के एक महीने बाद शनिवार को मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। मंत्रिमंडल विस्तार के एक दिन बाद बीरेन सिंह सोमवार यानी आज दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करेंगे। संभावना जताई जा रही है कि मुलाकात के दौरान मंत्रिमंडल विस्तार और मंत्रियों के विभाग के बंटवारे को लेकर चर्चा हो सकती है।

बता दें कि मंत्रिमंडल विस्तार में मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह ने छह नए मंत्रियों को शामिल किया है। नए कैबिनेट मंत्रियों में तेंगनौपाल से भाजपा विधायक लेतपाओ हाकप, कोंथौजम से भाजपा विधायक सपम रंजन सिंह , नाम्बोल से विधायक थौनाओजम बसंत सिंह, खुरई से एल सुसिंद्रो मैतेई और सेकमाई से विधायक एच डिंगो सिंह और एनपीएफ के चिंगई विधायक खासीम वासुम शामिल हैं।

शनिवार को उन्हें राज्यपाल ला गणेशन ने इंफाल में राजभवन में शपथ दिलाई। हालांकि अभी उनके विभागों की घोषणा नहीं हुई है। इस मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही कैबिनेट में मंत्रियों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। वर्तमान में मंत्रिमंडल में भाजपा के 10 मंत्री और एनपीएफ से दो मंत्री हैं।

मणिपुर में पिछले महीने भाजपा ने 60 में से 32 सीटें जीतकर लगातार दूसरी बार सरकार बनाकर सत्ता में वापसी की थी। दूसरे कार्यकाल के लिए पूर्वोत्तर राज्य जीतने के बाद बीरेन सिंह और उनके पांच सहयोगियों ने 21 मार्च को मंत्री पद की शपथ ली थी।


feature-top