बोलेरो ने स्कूल जा रही दो छात्रा को कुचला, एक की मौत, पुलिस ने चालक को किया गिरफ्तार

feature-top

कंझावला इलाके में तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप वाहन ने साइकिल सवार दो छात्राओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरी छात्रा की हालत गंभीर है। वह अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की मदद से आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना सोमवार सुबह 6:40 बजे की है। कंझावला में पुलिस को सड़क हादसे की जानकारी मिली। पुलिस को घटनास्थल पर दो छात्राएं अचेत अवस्था में मिली। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक छात्रा को मृत घोषित कर दिया। जब कि दूसरी छात्रा गंभीर रूप से घायल है। मृत छात्रा की शिनाख्त रामा विहार निवासी नीलिमा (16) के रूप में हुई। घायल छात्रा की पहचान बेबी (15) के रूप में हुई है। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि दोनों छात्राएं कराला की सर्वोदय कन्या विद्यालय में 10वीं कक्षा में पढ़ाई कर रही हैं। एक ही साइकिल पर सवार होकर दोनों स्कूल जा रही थी। मृत छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए आस पास के इलाके की सीसीटीवी कैमरा को खंगाला और फिर वाहन का नंबर लेकर उसका पता लगा लिया। कुछ ही घंटे में पुलिस ने पिकअप वाहन के चालक को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान जोंटी निवासी विजय पाल के रूप में हुई है।


feature-top