बदले की राजनीति कर रही केंद्र की भाजपा सरकार:CM

feature-top

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक बार फिर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड केस के नाम पर हमारे नेता और पार्टी को बदनाम किया जा रहा है। जिस तरह से छत्तीसगढ़ का राहुल साहू बोर के गड्ढे से बाहर आया है, वैसे ही हमारे नेता राहुल गांधी भी दमदारी से उभरेंगे। हमारे कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ हर लड़ाई में मजबूती से खड़े हैं। बिलासपुर में कांग्रेस के नव संकल्प शिविर में मुख्यमंत्री बोल रहे थे।

लखीराम ऑडिटोरियम में बुधवार शाम मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में पार्टी दफ्तर में घुसकर दिल्ली पुलिस ने जिस तरह से बर्बरता की वह लोकतंत्र पर हमला है। लोकतंत्र की आवाज दबाने की कोशिश है। भाजपा सरकार केंद्रीय एजेंसियों का खुलेआम दुरुपयोग कर रही है। जीएसटी, नोट बंदी, कृषि बिल से लेकर कोविड जैसी महामारी को लेकर अगर किसी ने देश को सावधान किया और केंद्र की खुली आलोचना की तो केवल राहुल गांधी ने की।

बदले की राजनीति में राहुल को परेशान किया जा रहा

 मुख्यमंत्री ने कहा कि, इस देश में जब से भाजपा की सरकार केंद्र में आई है तब से दमन का तांडव मचाकर रखा है। ऐसे में कोई नरेंद्र मोदी व अमित शाह की खुली आलोचना करता है तो वे केवल राहुल गांधी हैं। नेशनल हेराल्ड पर CM ने कहा, ऐसा अखबार जिसने आजादी की लडाई में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उसके बचाव के लिए कांग्रेस आगे आई और विधिक ढंग से सहायता कर दी तो गलत कुछ नही था। तीन दिन से अनावश्यक पूछताछ के नाम पर राहुल गांधी को 10 से 12 घंटे तक परेशान किया जा रहा है।

500 से ज्यादा पदाधिकारी हुए शामिल

कांग्रेस के इस जिला स्तरीय नव संकल्प शिविर में 500 से अधिक पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। पार्टी की ओर से राजस्थान के उदयपुर में आयोजित संकल्प शिविर की तरह कार्यकर्ताओं को कार्यशाला और भारत जोड़ो अभियान के संबंध में लिए गए निर्णय की जानकारी दी गई। साथ ही आगामी चुनाव की रणनीति को लेकर पदाधिकारी और सत्ता संगठन के बीच समन्वय के साथ संगठन की मजबूती और शासन के योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया

नव संकल्प शिविर में जिले के संगठन प्रभारी चुन्नीलाल साहू व शहर प्रभारी अरुण सिंघानिया के साथ ही कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष विजय पांडेय, संसदीय सचिव रश्मि आशीष सिंह, विधायक शैलेश पांडेय, पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, अपेक्स बैंक के अध्यक्ष बैजनाथ चंद्राकर, महापौर रामशरण यादव, प्रदेश महामंत्री अर्जुन तिवारी, राजेन्द्र शुक्ल, रविंद्र सिंह, राजेंद्र धीवर, राजेंद्र साहू, अनिल शुक्ला, लक्ष्मी साहू, विनोद दिवाकर, आदित्य दिक्षित, जगदीश कौशिक, दिलीप लहरिया, गीतांजलि कौशिक सहित 45 वक्ताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम के संचालन प्रवक्ता अनिल सिंह चौहान ने किया।


feature-top