पाकिस्तान की गर्म हवाओं ने रोकी मानसून की रफ्तार

feature-top

अबके बरस मानसून की राह बड़ी मुश्किल है। आमतौर पर अब तक कश्मीर पहुंचने वाला मानसून 12 दिन से UP-बिहार की सीमा पर अटका हुआ है। यह 17 जून को मऊ जिले के पास पहुंच गया था, लेकिन पाकिस्तान से राजस्थान के रेगिस्तानों से होकर आने वाली गर्म हवाओं के कारण आगे नहीं बढ़ पा रहा है। ऐसा पहले कर्नाटक में भी हो चुका है, जहां मानसून 10 दिन तक अटका रहा था।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में हवाओं का दबाव थोड़ा कम है। इस वजह से मानसून को आगे धकेलने वाली हवाएं नहीं चल रहीं। अब हालांकि, पश्चिमी हवाएं कमजोर होने लगी हैं और बंगाल की खाड़ी से हवाएं उठकर उत्तर-पश्चिम की ओर बहनी शुरू हो चुकी हैं। इसलिए उम्मीद है कि अगले दो दिन में मानसून आगे बढ़ना शुरू कर सकता है।

ऐसा हुआ तो 8-10 दिन के भीतर यह कश्मीर पहुंच सकता है। उसके बाद यह राजस्थान पार कर पूरे देश को कवर कर सकता है। दक्षिण और पूर्वोत्तर के राज्यों को छोड़ दें तो मानसून अब तक कमजोर रहा है। देश में 1 से 27 जून के बीच औसतन 150 मिमी बारिश दर्ज होती है। इस बार 135 मिमी हुई है। यानी 10% कम।


feature-top