कुत्तों की लड़ाई में फायरिंग: लड़ रहे थे जर्मन शेफर्ड और राका, तभी दोनों के मालिकों की हुई एंट्री और इलाके में हुई ठांय..ठांय

feature-top

आगरा में सिकंदरा की आवास विकास कॉलोनी में दो पालतू कुत्तों की लड़ाई में उनके मालिक भी शामिल हो गए। आरोप है कि बृहस्पतिवार की देर रात एक के मालिक ने दूसरे के घर पर गोली चला दी। इसमें दूसरे कुत्ते का मालिक बाल-बाल बच गया। घटना से कालोनी में दहशत फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंच गई। आरोपी को हिरासत में ले लिया।

आवास विकास कॉलोनी सेक्टर दस निवासी सुशील कुमार के दो पालतू कुत्ते हैं। एक देसी प्रजाति का, जिसका नाम राका और दूसरा पामेलियन है। रात को उनकी बेटी पास की दुकान पर दूध लेने गई थी। साथ में कुत्ता भी था। वापस आते समय कुत्ते के गले का पट्टा खुल गया। कालोनी में किराए पर रहने वाले नितिन शर्मा अपने जर्मन शेफर्ड को टहला रहे थे।

सुशील ने पुलिस को बताया कि उनके कुत्ते और नितिन शर्मा के पालतू कुत्ते आपस में काटने लगे। इस पर नितिन ने उनकी बेटी के साथ गाली-गलौज और अभद्रता कर दी। देर रात नितिन ने उनके घर पर आकर गाली-गलौज और अभद्रता करने लगे। आरोप है कि पिस्टल निकालकर गोली चला दी, जिसमें वह और बच्चे बाल-बाल बचे।

वहीं, नितिन शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह तीन महीने पहले यहां किराए पर रहने आए हैं। रात में अपने तीन महीने के कुत्ते जर्मन शेफर्ड को टहला रहे थे। पड़ोसी के कुत्ते ने उनके जर्मन शेफर्ड पर हमला बोल दिया। चेहरे पर काट लिया। उन्होंने विरोध किया। जिसके बाद सुशील पक्ष के लोगों ने उनके घर पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को दरवाजे से हटाने के लिए अपनी रक्षा में गोली चला दी। थाना सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार शाही ने बताया कि दोनों पक्ष के कुत्तों में झगड़ा हो गया था। सुशील कुमार ने नितिन शर्मा के खिलाफ तहरीर दी है।


feature-top