रायपुर पहुंची राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू

feature-top

NDA की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचीं। राष्ट्रपति चुनाव में वह अपने लिए समर्थन मांगने आई हैं। द्रौपदी मुर्मू का स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद जगह-जगह सड़कों पर भी उनका स्वागत किया गया।

ओडिशा के पारंपरिक नृत्यों के अलावा यहां पंथी डांस कर रहे कलाकारों ने और पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह समेत भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से द्रोपदी मुर्मू रानी दुर्गावती प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के लिए पहुंची । उनके रायपुर पहुंचने पर बीजेपी नेताओं ने उन्हें जनजातीय अस्मिता का प्रतीक बताया और सभी विधायकों से उनके पक्ष में वोट करने की अपील की है।

अब वो छत्तीसगढ़ के सांसदों तथा विधायकों से VIP रोड स्थित एक होटल मे मुलाकात करेंगीं। इस मुलाकात के बाद द्रौपदी मुर्मू भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगी। राष्ट्रपति चुनाव के लिए 18 जुलाई को मतदान होंगे। छत्तीसगढ़ की भारतीय जनता पार्टी बसपा और जनता कांग्रेस ने द्रौपदी मुर्मू को अपना समर्थन दिया है और उन्हें ही वोट करने की बात कही है। राष्ट्रपति पद के दूसरे उम्मीदवार यशवंत सिन्हा हैं। अन्य विपक्षी दल और कांग्रेस यशवंत सिन्हा को अपना समर्थन दे रहे हैं। हाल ही में यशवंत सिन्हा भी रायपुर आए थे। रायपुर पहुंची एनडीए की तरफ से राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रोपदी मुर्मू को छत्‍तीसगढ़ जनता कांग्रेस जोगी और बहुजन समाज पार्टी के विधायकों ने समर्थन दिया है। रायपुर के बेबीलोन इंटरनेशनल होटल में द्रोपदी मुर्मू की भाजपा के विधायकों और सांसदों के साथ बैठक में जेसीसीजे और बसपा के विधायक भी पहुंचे थे।

भाजपा की बैठक में जनता कांग्रेस छत्‍तीसगढ़ जोगी के अध्‍यक्ष अमित जोगी और विधायक डा रेणु जोगी के अलावा बसपा के विधायक केशव चंद्रा और इंदु बंजारे ने उपस्थिति दर्ज कराकर समर्थन व्‍यक्‍त किया। इस मौके पर पूर्व मुख्‍यमंत्री डा रमन सिंह, भाजपा प्रदेश विष्‍णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व मंत्री बजमोहन अग्रवाल सहित अन्‍य वरिष्‍ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।


feature-top