चीन बॉर्डर पर काम कर रहे 19 मजदूर लापता

feature-top

अरुणाचल प्रदेश की कुमी नदी में डूबने से 19 मजदूरों की मौत की आशंका जताई जा रही है। ये मजदूर चीन बॉर्डर पर सड़क निर्माण में लगे हुए थे, यह सभी एक हफ्ते से लापता थे।

दरअसल, यह मजदूर ईद के मौके पर अपने घर असम जाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने कॉन्ट्रैक्टर से छुट्टी मांगी, लेकिन उसने मना कर दिया। इस पर मजदूर पैदल ही अपने घर के लिए निकल पड़े। अब आधिकारिक तौर पर इन मजदूरों के लापता होने की खबर मिल रही है। इन मजदूरों के कुमी नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है।

असम के रहने वाले थे

सभी मजदूर असम के कुरुंग कुमे जिले के रहने वाले थे, इन्हें सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा अरुणाचल प्रदेश में चीनी सीमा के पास सड़क निर्माण के लिए लाया गया था। ठेकेदार से घर जाने के लिए छुट्टी न मिलने पर ये पैदल ही असम के लिए निकल गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये मजदूर अरुणाचल के कुरुंग कुमे जिले के जंगलों में लापता हो गए थे। अब आशंका जताई जा रही है कि कुमी नदी पार करते समय ये सभी नदी में डूब गए हैं। एक शव के मिलने की भी बात सामने आई है। फिलहाल, रेस्क्यू चल रहा है।


feature-top