अपडेट : द्रौपदी मुर्मू ने यशवंत सिन्हा को हराकर जीता राष्ट्रपति पद का चुनाव

feature-top

राष्ट्रपति चुनाव की हो रही मतगणना के नतीज़े आ गए हैं. इसमें एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने विपक्षी दलों के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के मुक़ाबले निर्णायक बढ़त हासिल कर ली है.

मिडिया को राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी के हवाले से बताया, ''यशवंत सिन्हा को प्रथम वरीयता के 1,877 वोट मिले, जिसका मूल्य 3,80,177 रहा. द्रौपदी मुर्मू को पहली वरीयता के वोट, राष्ट्रपति चुने जाने के लिए ज़रूरी कोटे से ज़्यादा थे, इसलिए रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में मैं एलान करता हूं कि वो भारत के राष्ट्रपति पद के लिए चुन ली गई हैं.''

उन्होंने आगे बताया, ''परिणाम की घोषणा के साथ ही राष्ट्रपति का चुनाव अब पूरा हो गया है. इस चुनाव में कुल 4,754 वोट पड़े, जिसमें से 4,701 वोट वैध थे, जबकि 53 अमान्य.'

उनके अनुसार, ''द्रौपदी मुर्मू को इसमें से पहली वरीयता वाले 2,824 वोट मिले, जिसका मूल्य 6,76,803 रहा. वहीं राष्ट्रपति चुने जाने के लिए किसी उम्मीदवार को 5,28,491 मूल्य का कोटा हासिल करना था.''

पीसी मोदी ने बताया कि इस चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को कुल वैध 64 प्रतिशत वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी यशवंत सिन्हा को 36 प्रतिशत वोट मिले.


feature-top