Russia Ukraine Crisis : यूक्रेन के परमाणु संयंत्र नियंत्रण से बाहर, संयुक्त राष्ट्र ने दी चेतावनी

feature-top

यूएन के परमाणु प्रमुख ने चेताया है कि यूक्रेन में यूरोप का सबसे बड़ा परमाणु ऊर्जा संयंत्र पूरी तरह से नियंत्रण से बाहर है। उन्होंने हालात स्थिर करने व एटमी हादसे से बचाव के लिए विशेषज्ञों को जल्द से जल्द परिसर का दौरा करने की अनुमति देने के लिए रूस-यूक्रेन से अनुरोध किया है। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक राफेल ग्रासी ने कहा कि दक्षिणपूर्वी शहर एनरहोदर में जपोरिज्जिया संयंत्र में स्थिति हर दिन खतरनाक हो रही है।

इस पर रूसी सैनिकों ने 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमले के बाद मार्च की शुरुआत में कब्जा कर लिया था। उन्होंने कहा, परमाणु सुरक्षा के हर सिद्धांत का उल्लंघन किया गया है और जो दांव पर लगा है, वह बेहद गंभीर और खतरनाक है। ग्रासी ने संयंत्र की सुरक्षा के कई उल्लंघनों का जिक्र करते हुए कहा कि यह रूस-नियंत्रित क्षेत्र के पास ऐसी जगह पर है जहां भीषण जंग चल रही है। संयंत्र की भौतिक अखंडता का सम्मान नहीं किया गया है। आईएईए प्रमुख ने कहा कि परमाणु संयंत्र तक पहुंचने के लिए उन्हें और उनकी टीम को सुरक्षा और रूस और यूक्रेन के तत्काल सहयोग की जरूरत है।


feature-top