छत्तीसगढ़ के सात लोग भारत जोड़ो यात्रा में होंगे शामिल

feature-top

3500 किमी पदयात्रा का राहुल गांधी करेंगे नेतृत्व; 7 सितंबर से शुरू होगी।

कांग्रेस की भारत जोड़ो पदयात्रा सात सितम्बर से शुरू हो रही है। तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू होकर यह यात्रा जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर तक जानी है। इस दौरान पदयात्री 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा ने सोमवार को रायपुर में बताया, इस 3500 किमी पदयात्रा का नेतृत्व राहुल गांधी करने वाले हैं। यह यात्रा सभी के लिए खुली है। दूसरे राजनीतिक दल, संस्थाएं और लोग भी पदयात्रा में आ सकते हैं।

रायपुर में प्रदेश कांग्रेस के मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों से बातचीत में कुमारी शैलजा ने कहा, आज देश की आर्थिक स्थिति बहुत खराब है। आम लोग आसमान छूती महंगाई से परेशान हैं। किसान और खेत मजदूर कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं। सामाजिक तौर पर हमें जाति, धर्म, भाषा, खान-पान, वेशभूषा के आधार पर बांटा जा रहा है। हर रोज देशवासियाें को लड़ाने के नए-नए षड्यंत्र रचे जा रहे हैं। उन्होंने कहा, सत्ताधारी पार्टी द्वारा किया जा रहा यह सामाजिक विभाजन हमारी एकता को कमजोर कर रहा है। इससे दुश्मनों को मदद मिलती है। राजनीतिक मोर्चे पर हमारे संविधानिक अधिकार कुचले जा रहे हैं। एक योजनाबद्ध तरीके से संविधान को उलटने, संस्थाओं को ध्वस्त करने, लोकतंत्र को खोखला करने का प्रयास किया जा रहा है।।।


feature-top