दिग्विजय बनाम थरूर की ओर बढ़ रहा कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव,

दिल्ली दरबार में गहलोत की हाजिरी का इंतजार

feature-top

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह 17 अक्टूबर को होने वाले पार्टी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ सकते हैं। दिग्विजय सिंह के चुनाव लड़ने की खबर ऐसे समय में आई है जब अशोक गहलोत की उम्मीदवारी पर प्रश्न चिन्ह खड़ा हो गया है। दरअसल राजस्थान कांग्रेस में मचे घमासान के बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बुधवार देर रात दिल्ली पहुंच गए। गहलोत के अलावा दिग्विजय सिंह के भी बुधवार रात ही दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि दिग्विजय सिंह गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कर सकते हैं। दिग्विजय इस समय राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा के लिए केरल में हैं।

दिग्विजय बनाम थरूर की ओर बढ़ रहा कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ऐसे समय नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं जब राजस्थान के राजनीतिक संकट के चलते मुख्यमंत्री गहलोत के नामांकन पत्र दाखिल करने की संभावना पर प्रश्नचिन्ह लग गया है। लोकसभा सदस्य शशि थरूर पहले ही चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके हैं और वह 30 सितंबर को अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। गहलोत से आलाकमान की नाखुशी के चलते कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव अब दिग्विजय बनाम थरूर की ओर जाता नजर आ रहा है। 75 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी अशोक गहलोत की तरह गांधी परिवार के लंबे समय से वफादार हैं। ऐसे में गांधी परिवार गहलोत से समर्थन वापस लेकर दिग्विजय सिंह को मैदान में आगे कर सकता है।


feature-top