अशोक गहलोत का कटेगा पत्ता? कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर संशय बरकरार, दिग्विजय सिंह और खड़गे भी तैयार

feature-top

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में पार्टी दोतरफा रणनीति पर अमल कर रही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुरुवार को दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिल सकते हैं। वहीं, दूसरी तरफ पार्टी दूसरे उम्मीदवार की संभावना भी तलाश रही है। इसमें दिग्विजय सिंह और मल्लिकार्जुन खड़गे के नाम शामिल हैं। दिग्विजय सिंह शुक्रवार को नामांकन कर सकते हैं।

पार्टी हाईकमान अपनी छवि को लेकर भी सावधान है। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व नहीं चाहता कि राजस्थान घटनाक्रम के बाद कोई गलत संदेश जाए। इसलिए, पार्टी की कोशिश है कि अशोक गहलोत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करें। संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के मुताबिक राजस्थान में कोई ड्रामा नहीं हुआ। एक-दो दिन में स्थिति साफ और सामान्य हो जाएगी।

अशोक गहलोत के करीबी नेताओं का कहना है कि स्थिति गुरुवार शाम तक साफ हो जाएगी। अध्यक्ष पद के चुनाव में गहलोत पार्टी नेतृत्व के आदेश का पालन करेंगे। ऐसे में यह सवाल है कि गहलोत और थरूर के साथ दिग्विजय सिंह भी नामांकन करते हैं, तो लड़ाई त्रिकोणीय हो जाएगी। हालांकि, कई नेता मानते हैं कि दिग्विजय सिंह की दावेदारी गहलोत पर दबाव बनाना है।

चुनाव को लेकर संशय बरकरार कांग्रेस में अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर पार्टी में संशय बरकरार है। अभी तक यह तय नहीं है कि अध्यक्ष पद के चुनाव में कौन-कौन उम्मीदवार होंगे। नामांकन प्रक्रिया शुरू हुए चार दिन बीत गए हैं। अभी तक किसी उम्मीदवार ने अपना पर्चा दाखिल नहीं किया है। ऐसे में उम्मीद है कि शशि थरूर सहित सभी बाकी उम्मीदवार भी शुक्रवार को अपना नामांकन करेंगे।

खड़गे भी तैयार राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी संकेत दिए हैं कि वह चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। उनके एक करीबी नेता ने कहा कि खड़गे ने कांग्रेस अध्यक्ष से कहा है कि पार्टी जो निर्णय लेगी, वह उसका पालन करेंगे। हालांकि, पार्टी के कई नेता मानते हैं कि खड़गे दक्षिण भारत से हैं। अध्यक्ष पद के लिए पार्टी को हिंदी भाषी नेता को प्राथमिकता देनी चाहिए।


feature-top