राजस्व विभाग पर भड़के मुख्यमंत्री:लोगों का काम समय पर नहीं होने की शिकायतों पर अधिकारियों को चेताया

feature-top

रायपुर सर्किट हाउस में चल रही कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस का दूसरा दौर रविवार को शुरू हो गया। राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान लंबित मामलों को देखकर मुख्यमंत्री भड़क गए। उन्होंने लोगों का काम समयसीमा में नहीं होने पाने की शिकायतों पर अधिकारियों को चेतावनी दी है। इससे पहले उन्होंने पर्यटन की समीक्षा के बाद राम वन गमन पर्यटन परिपथ में होटल की व्यवस्था जोड़ने को कहा है। वहीं धमतरी के गंगरेल डैम (रविशंकर सागर) में पर्यटकों के आकर्षण के लिए टापू (आइलैंड) विकसित करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजस्व विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने लोगों का काम समय सीमा में न करने वाले अधिकारियों को चेतावनी दी। कहा, अगर इसमें भ्रष्टाचार की शिकायत मिली तो सख्त कार्यवाही की जाएगी। मुख्यमंत्री ने नामांतरण के लंबित प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण के निर्देश दिए हैं। उसके बाद उन्होंने सभी कलेक्टरों को नियमित रूप से तहसीलों का निरीक्षण करने को कहा। संभाग आयुक्तों तक को तहसीलों का निरीक्षण करते रहने को कहा है। उन्होंने कहा, राजस्व प्रकरणों को समय सीमा में निपटाएं। नागरिकों को राजस्व प्रकरणों में देरी से परेशानी नहीं होनी चाहिए। ग्रामीणों की सहूलियत के लिए सप्ताह में एक दिन निर्धारित करें। कामकाज की समीक्षा करें और काम में तेजी लाएं।


feature-top