feature-top
महाराष्ट्र में सत्ता परिवर्तन के बाद पहली बार मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एनसीपी प्रमुख शरद पवार के साथ एक मंच पर दिखे. बुधवार को सीएम एकनाथ शिंदे, उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता आशीष शेलार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अध्यक्ष शरद पवार के साथ मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के चुनावों से पहले स्पेशल डिनर में शिरकत की. इस मौके पर शिंदे ने कहा कि पवार के उनके और बीजेपी नेताओं के साथ मंच साझा करने से कुछ लोगों की रातों की नींद उड़ सकती है. हालांकि, एकनाथ शिंदे ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके इस बयान को पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के लिए माना जा रहा है. शिंदे ने इस मौके पर कहा, 'पवार, फडणवीस और शेलार एक ही मंच पर इससे कुछ लोगों की रातों की नींद उड़ सकती है. लेकिन यह राजनीति करने की जगह नहीं है. हम सभी खेल के प्रशंसक और समर्थक हैं. इसलिए हम अपने राजनीतिक मतभेदों के बावजूद खेल के विकास के लिए साथ आए हैं.'
feature-top