ट्विटर के आधे कर्मचारियों को निकालेंगे एलन मस्क, वर्क फ्रॉम होम की सुविधा भी बंद करने की तैयारी

feature-top

दुनिया के सबसे अमीर आदमी एलन मस्क ने ट्विटर अधिग्रहण करते ही सीईओ पराग अग्रवाल सहित तीन बड़े अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया। अब इस कंपनी के आधे कर्मचारियों पर छंटनी की तलवार लटकी है। अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, वह चार नवंबर को 3,700 ट्विटर कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाने वाले हैं।

यह कंपनी के कुल 7,500 कर्मचारियों का तकरीबन 50 फीसदी है। कंपनी में बड़े स्तर पर छंटनी का दावा ब्लूमबर्ग ने एक अनाम सूत्र के हवाले से किया है। इस दावे की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल ट्विटर ने नहीं की है। कंपनी के अधिग्रहण के बाद पहले बड़े नीतिगत बदलाव के तौर पर मस्क हर ब्लू टिक वाले अकाउंट धारक से शुल्क वसूलने जा रहे हैं।

कहीं से भी काम करने की आजादी छिनेगी

ट्विटर दुनिया में अपने वर्क कल्चर की वजह से भी जानी जाती थी। इसमें कंपनी की कहीं से भी काम करने की आजादी जैसी नीतियों का योगदान रहा है। मस्क कहीं से भी काम करने की नीति को खत्म करने की योजना बना रहे हैं। ट्विटर ने कोरोना के दौरान कई लोगों को हमेशा के लिए घर से काम करने की आजादी भी दे दी थी। इस नीति में भी बदलाव आ सकता है।


feature-top