अफ्रीका से आए चीतों ने भारत में किया अपना पहला शिकार, बड़े बाड़े में छूटने के बाद चीतल को मारा

feature-top

नामीबिया से कूनो नेशनल पार्क आए चीते अक्सर खबरों में बने रहते हैं। मालूम हो कि पिछले दिनों दो चीतों को छोटे बाड़े से निकाल कर बड़े बाड़े में छोड़ा गया था। बड़े बाड़े में जाने के बाद इन चीतों ने भारत में अपना पहला शिकार किया है। चीतों ने छोटे बाड़े से छूटने के 24 घंटे के भीतर अपना पहला शिकार किया है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन चीतों ने रविवार की रात या सोमवार की सुबह में एक चीतल का शिकार किया है। चीतल को स्थानीय लोग चित्तीदार हिरण भी कहते हैं।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नामीबिया से आने के बाद इन चीतों ने भारत में अपना पहला शिकार किया है। जिन दो चीतों को बड़े बाडे में छोड़ा गया है उनका नाम फ़्रेडी और एल्टन है। इन्हें 5 नवंबर को बड़े बाड़े में छोड़ा गया था। अधिकारियों ने बताया कि निगरानी दल को इस शिकार की जानकारी सोमवार सुबह में मिली। चीतल का शिकार करने के बाद चीतों ने उसे दो घंटे के भीतर खा कर खत्म कर दिया।

चीतों को लेकर विशेषज्ञों की कई चिंताएं थीं। विशेषज्ञों का कहना है कि चीतों के लिए चीतल हिरण का शिकार करना चुनौतीपूर्ण होगा क्योंकि ये अफ्रीका में नहीं पाए जाते हैं। शुरुआत में सभी जानकारों को लग रहा था कि चीतों को शिकार करने में समस्या आएगी लेकिन वन विभाग ने बताया कि चीतों ने चीतल का शिकार किया है।

 


feature-top