आर्थिक परिस्थितियां कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, सही समय पर मिला सहयोग और आगे बढ़ने का अवसर जिंदगी की दिशा बदल सकता है। रायगढ़ की सीमा चौहान ने भी मिले ऐसे ही अवसर को मेहनत के साथ आत्मनिर्भरता की राह में बदला है। महिला एवं बाल विकास विभाग की महिला कोष सक्षम योजना के तहत मिले 1 लाख 20 हजार रुपये के ऋण से उन्होंने अपना व्यवसाय शुरू किया और आज इसी कारोबार के माध्यम से परिवार की जिम्मेदारियां स्वयं संभाल रही हैं।
सीमा को आंगनबाड़ी के माध्यम से महिला कोष सक्षम योजना की जानकारी मिली। योजना के तहत संकटग्रस्त महिलाओं को स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए आसान किस्तों पर ऋण उपलब्ध कराया जाता है। योजना का लाभ मिलने के बाद सीमा ने ऋण राशि का उपयोग अपनी दुकान शुरू करने में किया। आज सीमा चौहान नियमित रूप से अपनी दुकान का संचालन कर रही हैं। व्यवसाय से होने वाली आमदनी से वे परिवार की जरूरतों को पूरा करने के साथ अपने दोनों बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी उठा रही हैं। साथ ही ऋण की किस्त भी नियमित रूप से जमा कर रही हैं। कारोबार बढ़ने के साथ उनके लिए अपनी जरूरतों और परिवार की जिम्मेदारियों को पूरा करना पहले की तुलना में आसान हुआ है।
सीमा चौहान बताती हैं कि महिला कोष सक्षम योजना से मिला ऋण उनके लिए नई शुरुआत का माध्यम बना। व्यवसाय शुरू करने के बाद उन्हें अपने परिवार की जिम्मेदारियां खुद संभालने का भरोसा मिला। वे कहती हैं कि नियमित मेहनत से अब दुकान की आमदनी से बच्चों की पढ़ाई और घर की जरूरतें पूरी कर पा रही हैं। सीमा की कहानी उस बदलाव को सामने लाती है, जहां आर्थिक सहायता से मिले अवसर को मेहनत ने स्थायी स्वरोजगार में बदल दिया
30 Sep 2026 12:56PM, by: Heera Motwani
रायगढ़। प्रदेश चेम्बर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रियल एसोसिएशन छतीसगढ़ की रायगढ़ शाखा ने दिनांक 4 नवंबर 2024 को राज्य के मुख्यमंत्री श्रीमान विष्णुदेव साय जी को पत्र लिखकर उनका ध्यान आकर्षित किया था की राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 49 रायगढ़ के राजस्व अभिलेखों में रेखांकित नहीं है। तथा इन्हीं राजमार्गों के पूर्व के अधिग्रहण की भूमि भी राजस्व अभिलेखों में दर्ज नहीं होने के कारण कुछ स्वार्थी भूमि विक्रेता इस बात का फायदा उठाकर अपनी अधिग्रहित भूमियों को भी राजस्व विभाग की मेहरबानी से अन्य लोगों को विक्रय कर रहे हैं। जिसके कारण विवादित प्रकरणों की संख्या बढ़ती जा रही है साथ ही उन्होंने यह भी आग्रह किया था की मध्य मार्ग से दोनों ओर निर्धारित भूमि पर कोई निर्माण नहीं किए जाने हेतु भी स्पष्ट निर्देश जारी करें। जिससे भविष्य में फिर से अधिग्रहण की आवश्यकता पड़ने पर वह भूमि बगैर निर्माण के ही खुली अवस्था में शासन को प्राप्त हो सके और निर्माण हटाने की जटिल और पीड़ा दायक प्रक्रिया से लोगों को राहत मिले। उन्होंने इसी आवेदन को दिनांक 23/03/2025 को मुख्यमंत्री जनदर्शन कार्यक्रम में भी प्रस्तुत करते हुए उनसे निवेदन किया था तथा इसी प्रकार का एक निवेदन पत्र माननीय सर्वोच्च न्यायालय को भी प्रेषित किया था। इस कड़ी में दिनांक 5 जून 2026 को कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी रायगढ़ द्वारा यह लिखित उत्तर सूचना प्रदेश चेम्बर को प्रेषित करते हुए लिखा कि राष्ट्रीय राजमार्ग 49 के अंतर्गत प्रभावित ग्रामों में संपादित हुई भू अर्जन की प्रक्रिया के फल स्वरुप अर्जित भूमि के अभिलेख दुरुस्ती करण की कार्यवाही पूर्ण करते हुए प्रभावित खसरों को अजर्क निकाय के नाम पर दुरुस्त कर लिया गया है। प्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स ने परीक्षण किया तो लगभग भूमियों का इंद्राज सुनिश्चित हो चुका है परंतु फिर भी कुछ भूमियां अभी भी उन्ही पुराने भू मालिकों के नाम पर दर्ज हैं जो अधिग्रहित भूमि का मुआवजा भी प्राप्त कर चुके हैं। अतः प्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रियल एसोसिएशन ने उन सभी भूमि मालिकों से निवेदन किया है कि वह इस बात का पता लगाएं कि उनकी भूमि की इंद्राज स्थिति अब क्या है और उनकी भूमि का अधिग्रहण इंद्राज सही-सही दर्ज हो चुका है अथवा नहीं यदि ऐसा हो चुका है तो कृपया वह अपना भी रिकार्ड दुरुस्त कर ले और यदि नहीं हो पाया है तो कृपया अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रायगढ़ को एक लिखित आवेदन प्रस्तुत करें और उसकी सूचना हमें भी उपलब्ध करावें ताकि हम इस बात को राजस्व विभाग और राजस्व मंत्रालय तक पहुंच सके। इस कार्य में थोड़ी मेहनत लगेगी परंतु भविष्य के भूमि विवादों से बचा जा सकता है। पीसीसीआइए के अध्यक्ष हीरा मोटवानी एवं महामंत्री राजेश अग्रवाल ने इस कार्य हेतु माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उनकी जनदर्शन टीम तथा राजस्व विभाग रायगढ़ का धन्यवाद ज्ञापित किया है।
30 Sep 2026 12:56PM,by: Heera Motwani
श्री लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध संत बाबा गुरु घासीदास जी स्मृति चिकित्सालय, रायगढ़ के डॉक्टरों ने एक बेहद जटिल और जोखिम भरे ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देकर एक 46 वर्षीय महिला को नई जिंदगी दी है। झलमला निवासी चंपा यादव के पेट से एक विशालकाय ट्यूमर (फाइब्रॉएड) निकाला गया है, जिसका आकार लगभग 24, 2x23.1 x 17 सेंटीमीटर और वजन 8 किलोग्राम था, जो आकार में एक बड़े फुटबॉल के बराबर है।
चंपा यादव पिछले एक महीने से पेट में तेज दर्द, अत्यधिक सूजन और उल्टी की समस्या से बुरी तरह जूझ रही थीं। 22 अगस्त 2026 को जब उन्हें आपातकालीन स्थिति में प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में लाया गया, तब उनकी हालत बेहद गंभीर थी। प्रारंभिक जांच में उनका रक्तचाप गिरकर 84/54 एमएमएचजी पर आ गया था और शरीर में खून की भारी कमी (हीमोग्लोबिन मात्र 7.5 जी/डीएल) पाई गई थी। इसके अलावा, रेडियोलॉजिकल जांच (सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड) में स्पष्ट हुआ कि इस विशाल गांठ के भारी दबाव के कारण गर्भाशय विस्थापित हो गया था और बायीं मूत्रवाहिनी दब गई थी, जिससे किडनी पर भी विपरीत असर पड़ रहा था और लिवर के पैरामीटर्स बिगड़ चुके थे। स्थिति की गंभीरता और मरीज की नाजुक हालत को देखते हुए, मेडिकल टीम ने पहले मरीज को स्थिर करने का निर्णय लिया। रक्त की भारी कमी को पूरा करने के लिए उन्हें कई यूनिट पैक्ड रेड ब्लड सेल चढ़ाए गए और एंटीबायोटिक्स के माध्यम से उनके ऑर्गन फंक्शन को सर्जरी के अनुकूल बनाया गया।
मरीज के पूरी तरह स्थिर होने के बाद, 1 सितंबर 2026 को जनरल एनेस्थीसिया के तहत एक हाई रिस्क सर्जरी (एक्सप्लोरेटरी लेपरोटॉमी) को अंजाम दिया गया। यह ऑपरेशन किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था, क्योंकि यह भारी भरकम ट्यूमर मरीज की आंतों से बेहद गहराई से चिपका हुआ था। इस नाजुक स्थिति को सुरक्षित रूप से संभालने के लिए ऑपरेशन थियेटर में जनरल सर्जरी यूनिट को विशेष रूप से सहायता के लिए बुलाया गया। स्त्री रोग और जनरल सर्जरी एवं निश्चेतना विभाग के डॉक्टरों की संयुक्त टीम ने अद्भुत सर्जिकल कौशल का परिचय देते हुए, आंतों के जटिल जुड़ाव को सावधानी से काटा और दोनों मूत्रवाहिनियों को बिना कोई नुकसान पहुंचाए सुरक्षित अलग कर लिया। इसके पश्चात, गर्भाशय सहित उस विशाल ट्यूमर को शरीर से बाहर निकाल लिया गया। यह जटिल ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा। ऑपरेशन के बाद चंपा यादव को रिकवरी रूम में शिफ्ट कर दिया गया, जहां उन्हें आईवी फ्लूइड्स और दर्द निवारक दवाएं दी जा रही हैं। उनकी स्थिति अब स्थिर है और वे स्वास्थ्य लाभ ले रही हैं।
08 Sep 2026 10:39AM, by: Heera Motwani
पीएम श्री शासकीय विद्यालय कोड़ातराई में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान सह फन फेयर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के नवीन भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा आयोजित फन फेयर का अवलोकन कर उनकी रचनात्मकता, आत्मविश्वास और नवाचार की सोच की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। शिक्षकों की जिम्मेदारी केवल विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम का ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि उनमें जिज्ञासा, रचनात्मकता, नवाचार और नई सोच विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि तकनीक के तेजी से बदलते दौर में विद्यार्थियों में इनोवेशन और स्टार्टअप की सोच विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही विद्यालय के नवीन भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताया।
विद्यार्थियों की रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता को वित्त मंत्री ने सराहा
फन फेयर की विशेषता यह रही कि पूरे आयोजन की जिम्मेदारी विद्यार्थियों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में स्वयं संभाली। मंच संचालन, अतिथि सत्कार, अनुशासन, समय प्रबंधन, कूपन वितरण और विभिन्न स्टॉलों के संचालन में विद्यार्थियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। फन फेयर में बड़ा, डोसा, मंचुरियन, चाउमिन, फ्रेंच फ्राई, चना रोस्ट, आइसक्रीम एवं कोल्ड ड्रिंक सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए गए। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से बच्चों में केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक समझ, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता, प्रबंधन और संवाद कौशल भी विकसित होता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे नए प्रयोगों के माध्यम से आगे बढ़ाने के अवसर मिलना जरूरी है।
शिक्षकों का हुआ सम्मान
शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कार्यालयीन कर्मचारियों का तिलक लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके मार्गदर्शन और योगदान को सराहा। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमलता हरिशंकर चौहान, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती भाग्यवती डोलनारायण नायक एवं श्री बृजेश गुप्ता, जनपद सदस्य श्री गोपी चौधरी, सरपंच श्री मृत्युंजय सिंह ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला शिक्षा अधिकारी श्री श्यामानंद साहू, समग्र शिक्षा प्रमुख श्री आलोक स्वर्णकार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री भुवनेश्वर पटेल, विद्यालय के प्राचार्य श्री अजय कुमार सिन्हा, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य श्री अजय कुमार सिन्हा ने पीएम श्री योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों, योजनाओं एवं नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यालय के विकास में सहयोग देने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ व्याख्याता श्री रामसागर पटेल ने आभार प्रदर्शन किया।
08 Sep 2026 10:39AM, by: Heera Motwani
नेपाल के पोखरा में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में रायगढ़ जिले के ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 10 स्वर्ण पदक हासिल किए। 14 से 17 जून 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत, नेपाल, भूटान, अफगानिस्तान, पाकिस्तान एवं बांग्लादेश सहित छह देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। विभिन्न वर्गों में आयोजित मुकाबलों में रायगढ़ के खिलाड़ियों ने अपने कौशल और अनुशासित प्रदर्शन के दम पर स्वर्ण पदक अर्जित किए।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जिले को गौरवान्वित करने वाले खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षक का कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी द्वारा सम्मान किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर ने कहा कि रायगढ़ के खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन खेल अधोसंरचना के विकास तथा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के साथ शिक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने, स्वस्थ दिनचर्या अपनाने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में ताइक्वांडो खिलाड़ी निहाल ठक्कर, वसु शर्मा, रिया तिवारी, अक्षिता पाण्डेय, अनु आदित्य, अर्पिता आदित्य, मुकुंद अग्रवाल, वर्णिका अग्रवाल, वाची शर्मा एवं तनिष्क वर्मा ने अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किए। खिलाड़ियों ने बताया कि विभिन्न देशों के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करना उनके लिए सीखने और अनुभव प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर रहा। अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मिली सफलता से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है तथा भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए नया उत्साह मिला है। कोच विकास सिंह ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय देते हुए रायगढ़ का मान बढ़ाया है। रायगढ़ : अंतर्राष्ट्रीय मंच पर चमके रायगढ़ के ताइक्वांडो खिलाड़ी
24 Jun 2026 02:45PM, by: Heera Motwani
राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएस) 2025-26 में रायगढ़ एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 213 सीटों पर चयन प्राप्त किया है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी चयन सूची के अनुसार चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से आगे की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति का लाभ प्रदान किया जाएगा। राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना तथा उन्हें आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रायगढ़ एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से कुल 3509 विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीयन कराया था, जिनमें से 3050 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा परिणाम में 1602 विद्यार्थी पात्र घोषित किए गए, जबकि निर्धारित कोटे के अनुसार 213 विद्यार्थियों का अंतिम चयन किया गया। इस उपलब्धि पर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने रायगढ़ जिले के चयनित विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए शुभकामनाएं दीं। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि चयनित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के माध्यम से उनकी आगे की शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्राप्त होगी। वहीं जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा रायगढ़ ने भी चयनित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए इसे गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
24 Jun 2026 02:44PM, by: Heera Motwani
About Babuaa
Categories
Contact
0771 403 1313
786 9098 330
babuaa.com@gmail.com
Baijnath Para, Raipur
© Copyright 2019 Babuaa.com All Rights Reserved. Design by: TWS
- ज़रा हटके
- टॉप न्यूज़
- एंटरटेनमेंट
- लाइफस्टाइल
- विचार
- ऐतिहासिक
- खेल
- राजनीति
- देश-विदेश
- फोटोज़
- वीडियोस
- लेख
- संपादक की पसंद
- Research
- DPR Chhattisgarh
- West Bengal Election Result Update
- Assam Election Result Update
- Tamilnadu Election Result Update
- Kerala Election Result Update
- Puducherry Election Result Update
- राज्य








