latest

Generic placeholder image

पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए संभावित कांग्रेस प्रत्याशियों के नामों पर दिल्ली में अंतिम मुहर लग गई है जिसके बाद शुक्रवार को पार्टी पहली सूची जारी करने जा रही है। पहली सूची में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सहित कई दिग्गजों के नाम शामिल किए गए हैं। संभावना यह भी है कि मुख्यमंत्री को चमकौर साहिब के अलावा आदमपुर सीट से भी पार्टी चुनाव लड़ा सकती है। उत्तर प्रदेश में 125 प्रत्याशियों की सूची जारी होने बाद अब पंजाब में कांग्रेस पार्टी प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करने जा रही है। पार्टी के कुछ नेताओं के अनुसार अब सिद्धू और चन्नी ने भी जारी होने वाली पहली सूची पर रजामंदी दे दी है। जिसके बाद पंजाब चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची शुक्रवार तक आने की पूरी संभावना है। इस सूची में दिग्गजों के साथ ही अधिकांश युवाओं को प्राथमिकता दी गई है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि युवाओं को पहले की तुलना में डेढ़ गुना अधिक टिकट दिए जाएंगे। इस सूची में कुछ युवा ऐसे हैं जो पहली बार चुनाव मैदान में उतर रहे हैं। उनको टिकट देने की बड़ी वजह युवा उम्मीदवारों के द्वारा लंबे समय से संगठनात्मक ढांचे में काम करना बताया जा रहा हैं। 2017 के चुनाव में युवाओं को छह टिकट दिए गए थे। इसके अलावा पहली सूची में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी चमकौर साहिब सीट से चुनाव लड़ेंगे लेकिन दूसरी सीट से भी उनकी उम्मीदवारी पर आलाकमान ने मुहर लगाई है। दूसरी सीट के रूप में कांग्रेस आदमपुर सीट पर विचार कर रही है। आदमपुर सीट जालंधर जिले में आती है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू भी इस पर राजी हैं।

14 Jan 2022 01:58AM,
by: Imran Khan