05 Apr 2023

Generic placeholder image

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव श्री प्रसन्ना आर. ने आज विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों में विभाग के साथ जुड़कर कार्य करने वाले अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय संस्थाओं तथा गैर-शासकीय संगठनों (एनजीओ) की बैठक ली। उन्होंने नवा रायपुर के स्वास्थ्य भवन में आयोजित बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और ज्यादा से ज्यादा लोगों को शासकीय अस्पतालों के माध्यम से इलाज मुहैया कराने के लिए विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सहयोगी संस्थाओं की भागीदारी से स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की तथा उन्हें और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सेवाओं के संचालक श्री भीम सिंह, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संचालक श्री भोसकर विलास संदिपान, महामारी नियंत्रण के संचालक डॉ. सुभाष मिश्रा और राज्य एनजीओ नोडल अधिकारी डॉ. कमलेश जैन भी बैठक में शामिल हुए। डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ, जपाइगो, आईपीएएस, यूएनडीपी, यूएसएडी, एविडेंस एक्शन, टाटा ट्रस्ट, परिमल स्वास्थ्य, न्यूट्रिशियन इंटरनेशनल और क्योर इंटरनेशनल सहित अनेक गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि भी बैठक में मौजूद थे। 

05 Apr 2023 01:24PM,
by: Tikendra Sinha