असम के पूर्व सीएम तरुण गोगोई की हालत बिगड़ी, वेंटिलेटर पर रखा गया

feature-top
असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई की तबीयत और बिगड़ गई है। उन्हें गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में वेंटिलेटर पर रखा गया है। असम के स्वास्थ्य मंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा ने उनकी तबीयत के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि गोगोई के शरीर कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया है। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम से गोगोई की तबीयत बिगड़ती जा रही है। डॉक्टर दवाओं की मदद से उनकी तबीयत में सुधार लाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि अगले 48-72 घंटे उनके लिए काफी अहम हैं। गोगोई की तबीयत पर डॉक्टरों की टीम नजर बनाए हुए है। गोगोई की तबीयत को लेकर कांग्रेस के नेताओं ने ट्वीट किया है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लिखा है, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई जी के स्वास्थ्य को लेकर काफी चिंतित हूं। मैं उनके शीघ्र ठीक होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं। जयराम रमेश ने लिखा है, गोगोई मजबूत शख्स हैं, उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। गौरतलब है कि 86 वर्षीय दिग्गज राजनेता तरुण गोगोई हाल ही में कोरोना से उबरे थे। कोरोना से ठीक होने के बाद बीते दो नवंबर को तबीयत बिगड़ने की शिकायत पर उन्हें गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।
feature-top