राजनाथ सिंह ने छत्तीसगढ़ में नेता प्रतिपक्ष को लगाया फोन

feature-top

केंद्र सरकार के कृषि संबंधी तीन विवादित कानूनों के खिलाफ दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन के बढ़ते असर से भाजपा परेशान है।केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता क्षेत्रीय नेताओं को फोन कर उनके क्षेत्र में किसानों की सोच का फीडबैक ले रहे है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पिछले दिनों छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक को फोन किया। बताया जा रहा है, इन दोनों नेताओं में किसान आंदोलन के प्रदेश में फैलने की आशंकाओं पर चर्चा हुई। राजनाथ सिंह ने केंद्रीय कृषि कानूनों को लेकर छत्तीसगढ़ के किसानों का रुख जानने की कोशिश की।

धरमलाल कौशिक ने राजनाथ सिंह को बताया है, यहां के किसानों में नये कानूनों को लेकर कोई नाराजगी नहीं है। कुछ संगठनों को छोड़कर बहुसंख्यक किसान किसी कानून विरोधी आंदोलन का हिस्सा नहीं है। वे अपने काम से काम रखे हुए हैं।

कौशिक ने कहा,यहां किसान राज्य की कांग्रेस सरकार की नीतियों की वजह से परेशान है। धान खरीदी में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके खिलाफ संगठन विधानसभा में और सड़कों पर लगातार आवाज उठा रही है। कौशिक ने केंद्रीय मंत्री को विधानसभा में आए स्थगन प्रस्तावों और किसान महापंचायतों की जानकारी दी।

भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया, केंद्रीय मंत्रियों के ऐसे फोन कुछ अन्य नेताओं के पास भी आए हैं। कुछ वरिष्ठ केंद्रीय पदाधिकारी प्रदेश पदाधिकारियों से बात कर प्रदेश की फीडबैक लेने की कोशिश कर रहे हैं।


feature-top