मॉडर्ना ने पंजाब सरकार को वैक्सीन देने से किया इनकार

feature-top

अमेरिकी दवा कंपनी मॉडर्ना ने पंजाब को सीधे कोविड-19 की वैक्सीन देने से इनकार कर दिया है,कंपनी का कहना है कि वह सीधे भारत सरकार से इसको लेकर सौदा करेगी। 

राज्य के टीकाकरण के नोडल अफ़सर विकास गर्ग ने कहा है कि "कोरोना वैक्सीन के एक निर्माता मॉडर्ना ने सीधे पंजाब सरकार को वैक्सीन देने से मना कर दिया है। उनकी पॉलिसी के अनुसार वो केवल केंद्र सरकार से सौदा करेंगे, राज्य सरकार या फिर किसी निजी पक्ष के साथ नहीं।

अधिकारियों के मुताबिक़, पंजाब की अमरिंदर सिंह सरकार ने सभी वैक्सीन उत्पादनकर्ताओं से सीधे वैक्सीन ख़रीदने के लिए संपर्क किया है।

विकास गर्ग ने कहा था कि पंजाब सभी संभावित स्रोतों से ग्लोबल टेंडर के ज़रिए वैक्सीन ख़रीदने की संभावनाएं तलाश रहा है। जिनमें स्पुतनिक V, फ़ाइज़र और जॉनसन एंड जॉनसन जैसी वैक्सीन शामिल हैं।

मॉडर्ना ने केवल पंजाब सरकार का जवाब दिया है।दुनिया में अब तक 9 करोड़ लोगों को मॉडर्ना की वैक्सीन दी जा चुकी है।

पंजाब को वैक्सीन की कमी के कारण पहले और दूसरे चरण का टीकाकरण तीन दिन पहले बंद करना पड़ा है।

विकास गर्ग ने बताया कि राज्य केवल 4.2 लाख वैक्सीन ही ख़रीद सकने में सक्षम है जिसमें से 66,000 कल तीसरे चरण 18-44 वर्ष का समूह)के लिए ख़रीदी गई थीं।

उन्होंने बताया कि 3.65 लाख इस्तेमाल हो चुकी हैं जबकि 64,000 डोज़ अभी बची हैं।

इसके बहाने कांग्रेस सरकार ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है।


feature-top