विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने फहराया काला झंडा .

feature-top

पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राज्य की राजनीति गरमाने लगी है। कृषि कानूनों के खिलाफ कई महीनों से जारी किसानों के आंदोलन के समर्थन में मंगलवार को कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने घर पर काला झंडा फहराया। नवजोत सिद्धू ने ट्विटर पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह अपनी पत्नी के साथ छत पर झंडा लहरा रहे हैं। कांग्रेस नेता नवजोत सिद्धू ने वीडियो में कहा कि पिछले 20- 25 साल से घट रही आमदनी, बढ़ रहे कर्ज के कारण किसान परेशान है और पंजाब के किसानों को आंदोलन करना पड़ रहा है। पंजाब आज एक साथ तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ लड़ रहा है, ये तीनों कानून किसान, मजदूर और व्यापारी के पेट पर लात मारने वाले हैं।

नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि अगर इन तीनों कानूनों को वापस नहीं लिया गया,तो पंजाब फिर खड़ा नहीं हो पाएगा। सिद्धू ने कहा कि मेरे घर पर अब काला झंडा लग गया है, ये नए कानूनों के खिलाफ है।जबतक तीनों कानून वापस नहीं होंगे,तबतक ये काला झंडा उतरेगा नहीं। गौरतलब है कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले नवजोत सिंह सिद्धू एक बार फिर सुर्खियों में हैं. बीते कुछ दिनों से कांग्रेस में ही उनके बागी तेवर फिर देख रहे हैं, जहां मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू आमने-सामने हैं।


feature-top