CWG: भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ छह मैच खेले और सब में रौंदा, जानें पहले दिन टीम इंडिया का प्रदर्शन कैसा रहा

feature-top

राष्ट्रमंडल खेलों (2022) में पहले दिन भारत की शुरुआत शानदार रही। भारतीय मुक्केबाज शिव थापा अगरे दौर में पहुंचे। वहीं, तैराक श्रीहरि नटराज ने फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। भारतीय महिला हॉकी टीम ने घाना को 5-0 से हराकर राष्ट्रमंडल खेलों में धमाकेदार आगाज किया। वहीं, बैडमिंटन मिक्स्ड टीम इवेंट में भारतीय टीम ने जीत के साथ शुरुआत की।

पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों का छह मैचों में पाकिस्तान से सामना हुआ। इन छह मैचों में भारत ने पाकिस्तान को रौंद दिया। इसमें एक मुकाबला सिंगल्स इवेंट में और पांच मुकाबले टीम इवेंट के दौरान हुए। इसकी शुरुआत मुक्केबाज शिव थापा से हुई। हम आपको पाक के खिलाफ जीत हासिल करने वाले छह खिलाड़ियों के बारे में बता रहे हैं।

बैडमिंटन मिक्स्ड टीम इवेंट में भारत का पहला मुकाबला पाकिस्तान से था। मिक्स्ड टीम इवेंट के पहले मैच में सुमित रेड्डी और अश्विनी पोनप्पी की जोड़ी ने इरफान भाटी और गजाला सिद्दकी की जोड़ी को 21-9, 21-12 से हराया। इसके बाद पुरुष सिंगल्स में किदांबी श्रीकांत ने मुराद अली को 21-7, 21-12 से हरा दिया। इसके बाद महिला सिंगल्स में पीवी सिंधु ने पाकिस्तान की माहूर शहजाद को लगातार गेमों में 21-7, 21-6 से हराकर टीम इंडिया को 3-0 से बढ़त दिलाई।

मेन्स डबल्स में सात्विकसाईराज रैंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी ने पाकिस्तान के मोराद अली और मोहम्मद इरफान की जोड़ी को 21-12, 21-9 से हरा दिया। बैडमिंटन में मिक्स्ड टीम इवेंट के पांचवें मैच में त्रिषा जॉली और पुलेला गायत्री गोपीचंद की महिला जोड़ी ने पाकिस्तान की माहूर शहजाद और गजाला सिद्दकी की पाकिस्तानी जोड़ी को 21-4, 21-5 से हरा दिया। गायत्री भारत के पूर्व दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी पुलेला गोपीचंद की बेटी हैं। इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप-ए में पाकिस्तान को मिक्स्ड टीम इवेंट में 5-0 से रौंद दिया


feature-top