जर्मनी में हड़ताल पर पायलट; लुफ्थांसा एयरलाइंस की 800 उड़ानें रद्द; दिल्ली में 700 यात्री फंसे

feature-top

जर्मन एविएशन कंपनी लुफ्थांसा एयरलाइन ने पायलटों की एक दिन की हड़ताल के चलते दुनियाभर में अपनी 800 उड़ानें रद्द कर दीं। इसमें दिल्ली से फ्रैंकफर्ट और म्यूनिख की दो उड़ानें भी शामिल हैं। शुक्रवार को उड़ानें रद्द होने से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल 3 पर 700 यात्री फंस गए। इन यात्रियों और उनके रिश्तेदारों ने हवाईअड्डे पर हंगामा किया। बाद में यात्रियों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की गई।

लुफ्थांसा एयरलाइन की रात 2:50 बजे दिल्ली से फ्रैंकफर्ट और रात करीब एक बजे म्यूनिख की उड़ान थी, जिसे रद्द करना पड़ा। पहली उड़ान के लिए 300 और दूसरे में 400 यात्री थे। लुफ्थांसा ने गुरुवार को कहा था कि उसकी 800 उड़ानें रद्द की जा रही हैं। इससे दुनियाभर में 1.30 लाख यात्री प्रभावित होंगे। लुफ्थांसा के 5 हजार पायलट हैं। ये 5.5% वेतन वृद्धि की मांग कर रहे हैं।


feature-top