आज से छत्तीसगढ़ में दो नए जिले:बलौदा बाजार-भाटापारा व रायगढ़ से सारंगढ-बिलाईगढ़ और राजनांदगांव जिले से खैरागढ़-छुईखदान-गंडई अलग हुआ

feature-top

शनिवार से छत्तीसगढ़ के प्रशासनिक-राजनीतिक मानचित्र में 31 जिले हो जाएंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दो नये जिलों का उद्घाटन करने जा रहे हैं। इसमें 30वां जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ दो जिलों का क्षेत्र मिलाकर बन रहा है। इससे रायगढ़ और बलौदा बाजार-भाटापारा जिलों का भूगोल बदल रहा है। वहीं राजनांदगांव जिले से अलग होकर प्रदेश का 31वां जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई अस्तित्व में आया।

तय कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सारंगढ़ और खैरागढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इन दोनों जिलों के कलेक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का लोकार्पण करेंगे। इसी के साथ इन जिलों का औपचारिक उद्घाटन भी हो जाएगा। इस समारोह में नवगठित जिलों में विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए 931 करोड़ 37 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी प्रस्तावित है। सारंगढ-बिलाई गढ़ जिले की घोषणा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 15 अगस्त 2021 के भाषण में की थी। खैरागढ़-छुई खदान-गंडई जिले का वादा इस साल हुए खैरागढ़ विधानसभा उप चुनाव में कांग्रेस के घोषणा पत्र का हिस्सा था। कांग्रेस प्रत्याशी की जीत के तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने इसे जिला बनाने की घोषणा कर दिया था। गुरुवार को ही इन जिलों के गठन की प्रशासनिक अधिसूचना का प्रकाशन हो गया। उद्घाटन के बाद जिले औपचारिक रूप से अस्तित्व में आ जाएंगे। अधिकारियों का कहना है, नया जिला बन जाने से यहां के लोगों को काफी राहत मिलेगी और कई महत्वपूर्ण कार्य आसानी से होंगे।


feature-top