शराबबंदी पर भाजपा महिला मोर्चा की रैली से पहले ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का तंज

feature-top

भाजपा महिला मोर्चा शराबबंदी और महिला सुरक्षा के मुद्दों पर बड़ी रैली की तैयारी कर रही है। इस आंदोलन पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बड़ी टिप्पणी की है। बुधवार को उन्होंने कहा, महिला मोर्चा यह कर रही है तो उसे स्मृति ईरानी और हेमा मालिनी को भी बुला लें। प्रदेश की महिलाएं उनसे पूछ सकें कि महंगाई क्यों बढ़ रही है।

भारत जोड़ो पदयात्रा के लिए केरल रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हवाई अड्‌डे के बाहर प्रेस से बात की। भाजपा महिला मोर्चा के आंदोलन से जुड़े सवाल पर उन्होंने छूटते ही कहा, बहुत अच्छा.. स्वागत है उनका। करना चाहिए। लेकिन उससे पहले रमन सिंह से भी पूछ लें कि वे शराबबंदी क्यों नहीं किए। महिला मोर्चा अगर कर रही है तो महंगाई के बारे में रसोई गैस, पेट्रोल है, डीजल है इसके बारे में भी बात कर लें। इसमें स्मृति ईरानी जी, हेमा मालिनी जी को भी बुलाएं ताकि वे भी इस धरने में भाग लें। प्रदेश की महिलाएं उनसे पूछ सकें कि यह महंगाई इतनी बढ़ क्याें रही है। खाने के तेल आदि के दाम में इतनी वृद्धि क्यों हो रही है इसके बारे में भी उन्हें बोलना चाहिए। अगर आंदोलन करना ही है तो उत्तराखंड जाएं जहां अंकिता के साथ अन्याय हुआ है। उसके परिवार वाले लड़ रहे हैं। उसके बारे में भी इन लोगों को बोलना चाहिए।

 


feature-top