संविधान दिवस पर आंबेडकर की जन्मस्थली पहुंच सकती है राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा

feature-top

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली जा रही 'भारत जोड़ो यात्रा' 26 नवंबर को संविधान दिवस पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की महू स्थित जन्मस्थली पहुंच सकती है। कांग्रेस के भीतर इस कार्यक्रम पर विचार-विमर्श जारी है। कांग्रेस नेताओं ने गुरुवार को यह जानकारी दी। राज्यसभा सदस्य और 'भारत जोड़ो यात्रा' की आयोजन समिति के प्रमुख दिग्विजय सिंह ने इंदौर में संवाददाताओं को बताया कि मध्यप्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष कमलनाथ की अगुवाई में एक नवंबर तक तय हो जाएगा कि सूबे में इस यात्रा का मार्ग और स्वरूप क्या होगा।

सिंह ने एक सवाल पर कहा कि इस विषय में चर्चा की जा रही है कि यात्रा को आंबेडकर की जन्मस्थली महू भी ले जाया जाए। 'दलितों के मसीहा' के रूप में भी मशहूर आंबेडकर का जन्म इंदौर से करीब 25 किलोमीटर दूर महू में 14 अप्रैल 1891 को हुआ था। उनके सम्मान में प्रदेश सरकार ने महू में स्मारक भी बनाया है। इस बीच, कयास लगाए जा रहे हैं कि गांधी की अगुवाई वाली यात्रा उज्जैन के महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग भी पहुंच सकती है जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 अक्टूबर को 

''श्री महाकाल लोक" गलियारे की महत्वाकांक्षी परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन किया था। यात्रा के दौरान कांग्रेस संविधान दिवस पर इंदौर के आस-पास वकीलों के बडे़ जमावड़े की तैयारी भी कर रही है। इस सिलसिले में शहर में वकीलों की एक बैठक में कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा ने केंद्र की भाजपा नीत सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, ''देश का संविधान इस वक्त भारी असुरक्षा की भावना से जूझ रहा है। 'भारत जोड़ो यात्रा' का एक उद्देश्य यह भी है कि संविधान को कैसे सुरक्षित रखा जाए।''


feature-top