अमलेश्वर में 2 पक्षों में भारी बवाल, पथराव से कई लोग घायल

feature-top

दुर्ग के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में सरपंच और एक अन्य पक्ष में जमकर बवाल हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि सरपंच ने अपने मकान से जमकर पथराव किया। इसमें कई लोगों को बुरी तरह चोटें आईं। वहीं बिजली की तार टूटकर गिरने से उसमें एक 15 साल का लड़का करंट की चपेट में आ गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका इलाज रायपुर के मेकाहारा हॉस्पिटल में चल रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

जानकारी के मुताबिक अमलेश्वर थाने से 5 किलोमीटर दूर घुघ्वा खुड़मुड़ा गांव में गुरुवार रात मातर त्योहार का कार्यक्रम था। वहां राउत लोगों का नाचा कार्यक्रम था। इसी दौरान घुघ्वा के सरपंच भानू सोनकर और किशन सोनकर के बीच विवाद हो गया। सरपंच और उसके बेटों ने मिलकर किशन व उसके लोगों को बुरी तरह मारा। इस पर उन लोगों ने अमलेश्वर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस वहां पहुंची और मामला शांत कराकर चली गई। इसके बाद रात 12 बजे के करीब लोग सरपंच के घर के पास से नाचा जुलूस निकाल रहे थे। आरोप है कि सरपंच भानू सोनकर उसकी पत्नी पूर्व सरपंच रंजना सोनकर और लाल सोनकर, यशवंत सोनकर, रोशन सोनकर व अन्य ने सरपंच के घर की छत से पत्थराव कर दिया। इसमें कई लोगों को बुरी तरह चोटें आईं। पथराव करने से बिजली की तार टूट कर गिर गई। इसमें एक 15 साल का लड़का उसकी चपेट में आ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।


feature-top