23 Mar 2021

Generic placeholder image

दुर्ग : दुर्ग वनमण्डल द्वारा विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर तालपुरी जैव विविधता पार्क के मेमोरीयल कॉर्नर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेमोरियल कॉर्नर की स्थापना किसी खास अवसर (जन्मदिन, सालगिरह, इत्यादि) पर नागरिकों द्वारा पौधरोपण करने के लिए की गई है। इस मौके पर नागरिकों ने बड़ी संख्या में पौधे रोपे। डीएफओ धम्मशील गणवीर ने इस मौके पर कहा कि जैव विविधता पार्क 250 एकड़ में स्थापित किया जा रहा है। यहां पर काफी सारे पेड़ है इसके अलावा भी यहां पर 6000 पौधे और भी लगाए जा रहे हैं। लोग स्मृति और शुभ अवसरों पर यह पौधे लगा रहे हैं श्री गणवीर ने बताया कि इसके बगल में जो तालाब है वह पक्षियों के लिए एक अच्छा वेटलैंड है और इसमें स्वाभाविक तौर पर पक्षियों की बसाहट की समृद्ध संभावना है। यहां पर जलकुंभियों को साफ कराया जाएगा और बर्ड वाचिंग के लिए अनुकूल परिसर तैयार होगा। श्री गणवीर ने बताया कि यहां पर पैराडाइज फ्लाई कैचर, ग्रे हॉर्नबिल, विसलिंग डक्स जैसे पक्षी देखे गए हैं यहां से जलकुंभी हटने के बाद और यहां के वेटलैंड के विकास के बाद यहां पर काफी संख्या में पक्षी भी आएंगे। उन्होंने कहा कि पक्षियों के बसाहट के लिए वेटलैंड में बड़ी समृद्ध संभावनाएं बनती है यहां पर बड़ी संख्या में पौधरोपण होने से और साथ ही पक्षियों के अनुकूल बसाहट वाले पौधे लगने से यह क्षेत्र पक्षियों से भी गुलजार होगा और यहां जैव विविधता पार्क में सुबह के समय और शाम के समय में अच्छा वातावरण घूमने फिरने के लिए बनेगा। यह एक बेहतरीन प्राकृतिक परिवेश होगा जो भिलाई और दुर्ग के प्रकृति प्रेमियों के लिए आदर्श जगह स्थापित होगी। उन्होंने कहा कि अगले 2 महीने में इसका पूरा विकास कर लिया जाएगा। यहां पर इस प्राकृतिक परिवेश में लोगों के बैठने के लिए बेंच वगैरा बनाए जाएंगे तथा साथ ही उनकी सुविधाओं के लिए इस प्राकृतिक परिवेश को सुरक्षित रखते हुए अन्य उपाय भी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि तालाब के संरक्षण के लिए भी विशेष उपाय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जैव विविधता क्षेत्र भविष्य में एक बहुत ही खूबसूरत धरोहर साबित होगा।

23 Mar 2021 06:35AM,
by: Thaneshwar sahu
Generic placeholder image

रायपुर, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर के निर्देशानुसार राज्य में विभाग द्वारा वन अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इस तारतम्य में विगत दिवस रायगढ़ वन मंडल के बरमकेला वन परिक्षेत्र अंतर्गत गोमर्डा अभ्यारण्य में विद्युत करेंट बिछाकर साम्हर का अवैध शिकार करने वाले दो फरार आरोपियों को बरमकेला के रेंजर सुरेंद्र कुमार अजय, वनपाल हीरालाल नायक के नेतृत्व में वन विभाग की टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर घात लगाकर आधी रात को भालूपानी से गिरफ्तार कर लिया गया। इस टीम में वनरक्षक हीरालाल चौधरी, कर्मसिंह राठिया, उग्रसेन नायक, नंदलाल खड़िया एवं बल्लाराम शामिल रहे। पकड़े गए दोनों आरोपी परमानंद बरिहा, पिता- हीरालाल बरिहा एवं शनिराम बरिहा, पिता- दयाराम बरिहा ग्राम भालू पानी के रहने वाले हैं। जबकि दो अन्य आरोपी संतोष और प्रेमलाल अब भी फरार हैं, जिन की पतासाजी की जा रही है। इनके खिलाफ पूर्व में भी अवैध शिकार के 2 प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है।

23 Mar 2021 06:06AM,
by: Thaneshwar sahu