23 Nov 2020

Generic placeholder image

रायगढ़ - रायगढ़ के बाबा ट्रांसपोर्ट के संचालक राकेश शर्मा व उसका सहयोगी नरेश इसरानी को छत्तीसगढ़ में कोयले के ऊपर लिये जाने वाले फर्जी जीएसटी इनपुट क्रेडिट रैकेट के खिलाफ चल रही जांच में इंटेलिजेंस की टीम ने गिरफ्तार किया है। अधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस बडी कार्रवाई में 230 करोड़ के फर्जी बिल के जरिए 38 करोड रुपए की जीएसटी चोरी की गई थी। मिली जानकारी के अनुसार जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम ने शुक्रवार को रायगढ़ पहुंचकर कोयला कारोबारी के घर व कोतरा रोड़ स्थित बाबा ट्रांसपोर्ट ऑफिस में छापामार कार्रवाई करते हुए राकेश शर्मा को और उसके बाद राकेश के सलाहकार नरेश इसरानी को अलग-अलग धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है। दोनों को गिरफ्तार करके शनिवार की देर शाम रायपुर ले जाया गया है। बताया जाता है कि आरोपियों ने फर्जी कंपनी खोलकर 38 करोड़ रुपए की जीएसटी चोरी की है। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार, राजस्व विभाग, सेंट्रल बोर्ड ऑफ इनडायरेक्ट टैक्सेस द्वारा देशभर में चल रहे फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट के रैकेट पर नकेल कसने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यहां यह बताना लाजमी होगा कि बाबा ट्रांसपोर्ट के राकेश शर्मा कुछ दिन पहले ही सरगुजा जिले के बसंतपुर में इनकंम टैक्स चोरी के तहत गिरफ्तार किये गए थे। उसके बाद जैसे ही वे रिहा हुए थे उन्हें सेट्रल इंटेलिजेंस की टीम ने रायगढ़ पहुंचते हुए पूछताछ के बाद जीएसटी चोरी मामले में गिरफ्तार कर लिया। जीएसटी इंटेलिजेंस की जोनल इकाई छत्तीसगढ़ ने जांच में पाया है कि कोयला कारोबारी राकेश शर्मा और उनके सलाहकार नरेश इसरानी पर आरोप है कि दोनों ने कई फर्जी कंपनियां बनाकर कोयला कारोबार करते हुए 230 करोड़ रुपए का फर्जी बिल जारी कर 38 करोड़ की जीएसटी चोरी की है। इस पर दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। राकेश की ही तीन फर्म मेसर्स श्री मंगलम, मेसर्स श्री सांई मंगलम एवं मेसर्स श्री मंगल को महज कागजों पर कोयला बेचा जाना दिखाया गया है। उक्त फर्जी बिलों के आधार पर राकेश की कथित फर्मो द्वारा गलत तरीके से लगभग 38 करोड़ रुपए इनपुट टैक्स क्रेडिट लिया गया है एवं उसको आगे पारित भी किया गया। इस प्रकार बनाई गई फर्जी फर्मो की श्रृंखला के माध्यम से इस घोटाले को अंजाम दिया गया। फिलहाल दोनों को रायपुर ले जाकर पूछताछ की जा रही है और इनकी गिरफ्तारी के बाद अन्य कोयला कारोबारियों में भी हडक़ंप मचा हुआ है। जानकार सूत्रों की मानें तो बाबा ट्रांसपोर्ट के राकेश शर्मा लगातार कोयला चोरी, परिवहन में इनकम टैक्स चोरी के साथ-साथ जीएसटी चोरी में संलिप्त रहे हैं और इनकी शिकायत पहले भी सेंट्रल एक्ससाईज व इनकम टैक्स विभाग में हो चुकी थी, लेकिन चालाकियों के चलते उनकी पकड़ से बाहर थे।

23 Nov 2020 12:26PM,
by: Imran Khan