Tikendra Sinha

Generic placeholder image

धर्मस्व, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने रविवार की देर रात्रि राजिम कुंभ मेला स्थल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आज जानकी जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के राजिम आगमन के संबंध में की जा रही तैयारियों का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही सभी जगहों पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मंत्री श्री अग्रवाल ने मेला स्थल में निर्मित संत समागम क्षेत्र, दंडी स्वामी आवास, वीआईपी भोजनालय, महानदी आरती स्थल एवं लेजर शो की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने दंडी स्वामी सच्चिदानंद सरस्वती महाराज से मुलाकात कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। मंत्री श्री अग्रवाल ने मुख्य मंच से लेजर एवं लाइट शो का अवलोकन कर बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य मंच एवं गंगा आरती स्थल में जानकी जयंती के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों के सुचारू संचालन की जरूरी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर राजिम विधायक श्री रोहित साहू, मेला सुरक्षा अधिकारी आईपीएस श्री भोजराम पटेल, उप संचालक पर्यटन विभाग श्री प्रताप पारख़ एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण सहित अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

04 Mar 2024 10:35AM,
by: Tikendra Sinha