03 Dec 2020

Generic placeholder image

रायपुर - वरिष्ठ पत्रकार, कवि, लेखक और देशबंधु पत्र समूह के मुख्य संपादक श्री ललित सुरजन की अंत्येष्टि आज स्थानीय मारवाड़ी श्मशान घाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ की गई। पुलिस के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ आनर और सलामी दी। इस अवसर पर संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष सुभाष धुप्पड़, रमेश वल्याणी, मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री रूचिर गर्ग, वरिष्ठ पत्रकार सुनील कुमार, अनिल वर्मा सहित स्वर्गीय सुरजन के परिजन, रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारी और विभिन्न मीडिया से जुड़े लोग उपस्थित थे। मारवाड़ी श्मशान में सभी उपस्थिज जनों ने स्वर्गीय श्री सुरजन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों द्वारा श्री ललित सुरजन जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री बघेल ने वरिष्ठ पत्रकार और देशबंधु पत्र समूह के मुख्य संपादक श्री ललित सुरजन जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ करने के निर्देश प्रशासन को दिए थे।

03 Dec 2020 02:20PM,
by: Imran Khan
Generic placeholder image

रायपुर- डीजीपी डीएम अवस्थी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी आईजी और एसपी की बैठक ली। अवस्थी ने समीक्षा करते हुए कहा कि कम्युनिटी पुलिसिंग के साथ ही बेसिक पुलिसिंग पर भी ध्यान दें। डीजीपी ने कहा कि धान खरीदी के दौरान पुलिस पूरी तरह सजग रहे। सीमावर्ती जिलों में धान का अवैध परिवहन रोकने के लिए चेक प्वाइंट बनाएं। उन्होंने कहा कि चिटफंड कंपनी संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें। साथ ही संपत्ति कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाएं जिससे निवेशकों को उनका पैसा शीघ्र वापस दिलाया जा सके। पुलिस छोटे-छोटे अपराध होने पर भी अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करें। जिससे अपराधियों में पुलिस के प्रति भय बना रहे। मामूली मामलों में भी सख्त कार्रवाई होने से अपराधियों को बड़ी घटनायें अंजाम देने का मौका नहीं मिलेगा। ट्रैफिक चेकिंग के दौरान चालानी कार्रवाई के साथ ही आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर कार्रवाई करें। अवस्थी ने अवैध शराब कबाड़, सायबर ठगों पर सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने बस्तर पुलिस द्वारा एटीएम मशीन में गड़बड़ी कर ठगी करने वाले गिरोह को गिरफ्तार करने पर प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस टीम को इन्द्रधनुष सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। डीजीपी ने कहा कि आपराधिक , अनुशासनहीन और भ्रष्ट प्रवृत्ति के पुलिसकर्मियों की विभाग में कोई जगह नहीं है। सभी एसपी भ्रष्टाचार के मामलों पर सख्त कार्रवाई करें। बैठक में आईजी रायपुर डॉ आंनद छावड़ा, डीआईजी सीआईडी सुशील द्विवेदी एवं सभी आईजी, एसपी उपस्थित रहे।

03 Dec 2020 12:41PM,
by: Imran Khan