25 May 2021

Generic placeholder image

बीजापुर :बीजापुर ब्लाक के धुर नक्सली क्षेत्र गंगालूर के समीप किकलेर से रेड्डी तक 5 किमी सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण का कार्य सुरक्षा बलों की सक्रिय सहभागिता से प्रगति पर है। जो विभिन्न गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ेगा, वर्षो पुरानी ग्रामीणों की मांग अब पूरी होगी। डीआईजी सीआरपीएफ कोमल सिंह एवं कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल आज सड़क निर्माण के कार्यों का निरीक्षण करने ग्राम पंचायत रेड्डी पहुंचे। कलेक्टर के आने की खबर पर ग्रामीणों ने कलेक्टर से अपनी विभिन्न मांगों एवं मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों के मांग पर त्वरित निराकरण करते हुए कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर निर्देश दिये। ग्रामीणों की मुख्य मांग में कोरोनाकाल में जीविका के साधन की कमी बतायी। जिस पर कलेक्टर अग्रवाल द्वारा मनरेगा अंतर्गत डबरी निर्माण, तालाब निर्माण, भूमि समतलीकरण सहित रोजगारमूलक कार्यों को तत्काल स्वीकृत किये। वहीं सड़क निर्माण के कार्यों से ग्रामीण बहुत खुश हुए ग्रामीणों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति में सड़क का ना होना एक बहुत बड़ी समस्या थी। जिला एवं ब्लाक मुख्यालय से बारिश के दिनों में सम्पर्क टूट जाता था। जिसके वजह से राशन, आवागमन, स्कूली बच्चों को शिक्षा संबंधी परेशानी होती थी, आपातकालीन स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी उपलब्ध नहीं हो पाती थी, एम्बुलेंस जैसे सुविधाओं से वंचित होना पड़ता था, स्वास्थ्य अमला की पहुंच भी गांव तक नहीं हो पाती थी। ग्रामीणों से चर्चा के दौरान कलेक्टर श्री अग्रवाल ने ठेकेदार एवं संबंधित विभाग को सड़क निर्माण में तेजी लाकर बारिश के पूर्व सड़क निर्माण पूर्ण करने एवं गुणवत्तापूर्ण सड़क बनाने के निर्देश दिये।

25 May 2021 08:10AM,
by: Thaneshwar sahu